
Lucknow News: पटाखा बनाने की जगह पर जोरदार धमाका, 22 वर्षीय युवती की मौत, एक घायल
Lucknow News: लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के देवती गांव में सोमवार को एक पटाखा बनाने वाली जगह पर जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जिस मकान में यह हादसा हुआ, वह पूरी तरह ढहकर मलबे में बदल गया। इस हादसे में एक 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।धमाके के बाद राहत व बचाव कार्य, बड़ा हादसा टलासूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, SDRF और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री के आसपास कोई अन्य घर नहीं था, वरना नुकसान और बड़ा हो सकता था। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे के समय फैक्ट्री के पास मौजूद लोगों को ही नुकसान हुआ।
11:30 बजे जोरदार धमाका, दूर तक गूंजी आवाज
स्थानीय लोगों के अनुसार यह धमाका सुबह करीब 11:30 बजे हुआ था और इसकी आवाज दूर-दराज तक सुनाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह घटना भीड़भाड़ वाले समय में होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया।
अलग-अलग फायर स्टेशनों से कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं ताकि हालात को नियंत्रित किया जा सके।
बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि विस्फोट कैसे हुआ। प्रशासन की निगरानी में जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मलबा पूरी तरह हटने के बाद ही नुकसान का सही आकलन और विस्फोट के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी।
