
Lucknow Heavy Rain: मूसलाधार बारिश से थमी लखनऊ की रफ्तार, दिन में छाया अंधेरा; कई इलाकों में जलभराव और जाम
Lucknow Heavy Rain: लखनऊ, 1 सितंबर 2026। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। करीब दो घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। आसमान में घने काले बादल छाए रहे और लगातार बिजली कड़कने से दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। बारिश की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट और डिपर जलाकर सफर करना पड़ा।
तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहा समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जलभराव के चलते यातायात की रफ्तार धीमी हो गई और कई जगहों पर भीषण जाम लग गया।
कमता तिराहे से शहीद पथ तक पानी-पानी
बारिश के कारण कमता तिराहे के पास शहीद पथ और सर्विस रोड पर पानी भर गया। जलभराव के बीच वाहन चालकों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। सर्विस रोड पर पानी जमा होने के कारण ट्रैफिक धीमा हुआ और इसका असर शहीद पथ पर भी पड़ा। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पॉलीटेक्निक, बुद्धेश्वर चौराहा और शहर के अन्य कई इलाकों में भी बारिश के चलते यातायात प्रभावित रहा। कई स्थानों पर लोग बारिश से बचने के लिए फ्लाईओवर और अन्य सुरक्षित स्थानों के नीचे खड़े नजर आए।
चिनहट में 8 फीट तक सड़क धंसी
तेज बारिश के बीच चिनहट में रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सड़क धंसने की घटना सामने आई है। सीवर मैनहोल के पास सड़क धंसने से करीब 8 फीट गहरा गड्ढा हो गया। सड़क धंसने के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश के बीच इस स्थान पर हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
सुबह से अलग-अलग इलाकों में शुरू हुई बारिश
लखनऊ में मंगलवार सुबह से ही अलग-अलग इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। बताया गया कि करीब सुबह 7 बजे मलिहाबाद क्षेत्र में बारिश हुई। इसके बाद करीब 10 बजे जानकीपुरम विस्तार, जबकि 11 बजे के आसपास हजरतगंज में तेज बारिश शुरू हुई।
दोपहर बाद गोमतीनगर, चिनहट और मोहनलालगंज में भी तेज बारिश हुई। सरोजनीनगर में भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहा। लालबाग और नगर निगम मुख्यालय के आसपास भी बारिश का असर दिखाई दिया। पारा इलाके में सुबह करीब 11 बजे झमाझम बारिश हुई, जिसके बाद कई कॉलोनियों में सन्नाटा नजर आया।
बारिश के साथ बिजली व्यवस्था भी प्रभावित
मूसलाधार बारिश का असर शहर की बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। चिनहट समेत कई इलाकों में फीडर बंद होने से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, मलिहाबाद में रात के समय अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट आने की वजह से भी बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। रहीमाबाद क्षेत्र में सुबह बारिश के बाद दोपहर में एक बार फिर तेज बारिश शुरू हो गई।
सोमवार को भी हुई थी तेज बारिश
लखनऊ में सोमवार शाम भी झमाझम बारिश हुई थी। सोमवार को शहर में 31.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। अब मंगलवार को एक बार फिर तेज बारिश होने से शहर के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात की समस्या सामने आई है।
अगस्त में जून-जुलाई से ज्यादा बारिश
आंकड़ों के मुताबिक इस मानसून सीजन में अगस्त महीने में जून और जुलाई की तुलना में अधिक बारिश हुई है। 1 जून से 31 जुलाई तक 176.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जबकि अकेले अगस्त में 330.5 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज हुई।
इस मानसून सीजन में अब तक लखनऊ में कुल 507.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। सामान्य बारिश का आंकड़ा 519.3 मिलीमीटर है। इस तरह अब तक बारिश सामान्य से करीब 2 फीसदी कम रही है।
15 अगस्त को हुई थी सीजन की सबसे ज्यादा बारिश
इस सीजन में एक दिन में सबसे अधिक बारिश 15 अगस्त को रिकॉर्ड की गई थी। उस दिन लखनऊ में 58.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी।
5 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर हवा का एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इसके प्रभाव से मानसून की हवाएं तेज हुई हैं और पूर्वी उत्तर प्रदेश से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही हैं। इसी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक 5 सितंबर तक उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
फिलहाल लखनऊ में काले बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। जलभराव, जाम, बिजली कटौती और चिनहट में सड़क धंसने जैसी घटनाओं ने राजधानी में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
