
Maharashtra News: वृद्ध किसान के हाथ-पैर बांधकर जबरन पिलाया जहर, चार आरोपियों पर केस दर्ज
Maharashtra News: महाराष्ट्र के अमरावती जिले के अंजनगांव सुर्जी तहसील अंतर्गत रहिमापुर पुलिस थाना क्षेत्र के बिहीगांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। खेत में काम कर रहे 67 वर्षीय वृद्ध किसान के हाथ-पैर बांधकर कथित रूप से जबरन जहर पिलाने का मामला प्रकाश में आया है।
गंभीर हालत में किसान का अमरावती के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित के बेटे की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिहीगांव निवासी किसान दादाराव भगाजी अभ्यंकर (67) 10 जून को अपने खेत में काम कर रहे थे। आरोप है कि गांव के ही निखिल गणेशे और उसके तीन साथियों ने उन्हें घेर लिया, हाथ-पैर बांध दिए और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले अंजनगांव सुर्जी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए अमरावती के निजी अस्पताल में रेफर किया गया।
पीड़ित किसान ने उपचार के दौरान बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरोपियों ने उनके साथ यह वारदात की। मामले में उनके बेटे मिलिंद अभ्यंकर (33) ने रहिमापुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले दादाराव अभ्यंकर के खिलाफ निखिल गणेशे के ममेरे भाई राहुल अभ्यंकर ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी पुराने विवाद और रंजिश को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रहिमापुर पुलिस ने मौके का पंचनामा किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस गवाहों के बयान दर्ज कर रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
रहिमापुर थाने के नवनियुक्त थाना प्रभारी प्रशांत देशमुख के मार्गदर्शन में दुय्यम थाना प्रभारी गजानन सोनवणे सहित पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
