
Maharashtra News: 1 साल से खेत पर नहीं जा पा रहा अल्पभूधारक किसान, डीसी ने दिए एक्शन के आदेश
रिपोर्ट- अमरावती
रिपोर्टर- फिरोज कुरेशी
Maharashtra News: महाराष्ट्र के अमरावती जिले के अचलपूर तालुका के पत्रोट गांव से एक किसान की व्यथा सामने आई है। पत्रोट एक बड़ी बाजारपेठ वाला गांव है। यहां के अल्पभूधारक किसान माहुलकर अपने परिवार के साथ खेती करके ही घर चलाते हैं। बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्चा भी इसी खेती से होता है।
लेकिन पिछले 1 साल से उनके खेत को जाने का सरकारी रास्ता बंद कर दिया गया है। किसान का आरोप है कि उसी रास्ते से दूसरे किसान आ-जा रहे हैं, लेकिन उन्हें जाने नहीं दिया जा रहा। रास्ता बंद होने की वजह से उनकी खेती बंजर पड़ी है और परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है।
हारकर किसान ने अचलपूर तहसील कार्यालय और जिलाधिकारी अमरावती के पास गुहार लगाई।
राज्य के महसूल मंत्री और अमरावती के पालकमंत्री ने भी सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिया है कि किसानों के खेतों के लिए रास्ते खुले कराए जाएं।
एक्शन मोड में प्रशासन
किसान की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तुरंत एक्शन लेते हुए तहसीलदार को आदेश दिए कि मौके पर जाकर किसान को रास्ता दिलाया जाए।
आदेश के बाद तहसील के कर्मचारी, मंडल अधिकारी किसान के खेत पर पहुंचे। किसी विवाद की स्थिति न बने इसलिए पत्रोट पुलिस स्टेशन के ठाणेदार भी अपने स्टाफ के साथ मौके पर मौजूद रहे।
हमारे प्रतिनिधि ने जब मंडल अधिकारी से बात की तो उन्होंने बताया कि “ये सरकारी रास्ता है। हम ड्रोन की मदद से नाप कर रहे हैं। जल्द ही नाप करके किसान को रास्ता खुला कर दिया जाएगा। किसान को जरूर न्याय मिलेगा।”
महसूल मंत्री के आदेश हैं कि किसी भी किसान की खेती रास्ते की वजह से बंजर नहीं रहनी चाहिए। अब किसान को उम्मीद है कि शासन से उसे न्याय मिलेगा और उसका रास्ता खुलेगा। पूरे गांव की नजर अब प्रशासन की इस कार्रवाई पर टिकी है।
