
Nagpur Crime News: नागपुर में जवान की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, रेप और धर्म परिवर्तन का मामला दर्ज
Nagpur Crime News: महाराष्ट्र के नागपुर में एक 24 वर्षीय विवाहित महिला ने अपने पुराने परिचित और उसके साथियों के खिलाफ रेप, ब्लैकमेल, जबरन धर्म परिवर्तन और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने सोनेगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया कि आरोपियों ने उसे धमकियों और दबाव के जरिए लंबे समय तक प्रताड़ित किया। पीड़िता एक आर्म्ड फोर्स जवान की पत्नी है।
उसके अनुसार, मुख्य आरोपी ने पहले दोस्ती की और फिर विश्वास का फायदा उठाकर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
प्रॉपर्टी डील के बहाने बढ़ी नजदीकियां
पुलिस के मुताबिक, महिला प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़ी हुई है। आरोप है कि अयाज ताज मदारे नामक युवक एक संपत्ति खरीदने के बहाने उसके संपर्क में आया। धीरे-धीरे दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी। महिला का आरोप है कि 8 फरवरी 2025 को एक होटल में मुलाकात के दौरान आरोपी ने उसके पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
पीड़िता का दावा है कि इसी दौरान उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए गए, जिन्हें बाद में ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल किया गया।
ब्लैकमेल कर वसूले लाखों रुपये
महिला ने शिकायत में कहा है कि वीडियो और तस्वीरें वायरल करने तथा पति को भेजने की धमकी देकर आरोपियों ने उससे करीब चार लाख रुपये वसूल लिए। डर और सामाजिक बदनामी की आशंका के कारण वह लंबे समय तक चुप रही।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 31 मई को उसे कलमेश्वर ले जाया गया, जहां एक मौलाना ने कथित तौर पर धार्मिक रस्में करवाईं और उसकी इच्छा के विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराया।
महिला का कहना है कि उससे जबरन कुछ धार्मिक शब्द बुलवाए गए और बाद में आरोपी अयाज के साथ निकाह कराए जाने का दावा किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसके बाद उसे जबरदस्ती गोमांस खिलाया गया और फिर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में अयाज ताज मदारे और उसके सहयोगी अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी, हजरत मौलाना, फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही काला जादू विरोधी कानून के प्रावधान भी लगाए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
