Barabanki News: कटान प्रभावित हेतमापुर पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी, प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत व पुनर्वास के निर्देश !

Barabanki News: कटान प्रभावित हेतमापुर पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी, प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत व पुनर्वास के निर्देश !

जिला- बाराबंकी
संवाददाता- मनोज कुमार

Barabanki News: जिला बाराबंकी में अतिवृष्टि के कारण सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से कटान प्रभावित ग्राम हेतमापुर में उत्पन्न स्थिति के दृष्टिगत मुख्य विकास अधिकारी श्री पंकज वर्मा ने रविवार को तहसील रामनगर के ग्राम हेतमापुर पहुंचकर कटान की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित परिवारों के लिए की गई व्यवस्थाओं का 27 सितम्बर को स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने बाढ़ खण्ड द्वारा कटान रोकने एवं प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि कटान रोधी कार्यों को त्वरित गति से निरंतर संचालित किया जाए तथा आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए 24×7 सतत प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। कटान की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, जिससे प्रभावित आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि कटान से क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन कर पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे उपलब्ध कराने तथा उन्हें सरकारी आवास योजनाओं से लाभान्वित करते हुए आवास स्वीकृत कराने की कार्रवाई प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री एवं भोजन की उपलब्धता निर्बाध रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए।

स्थायी बाढ़ शरणालय का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों से किया संवाद

मुख्य विकास अधिकारी ने स्थायी बाढ़ शरणालय का भी निरीक्षण किया तथा वहां रह रहे बाढ़ एवं कटान प्रभावित परिवारों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शरणालय में रह रहे परिवारों के लिए भोजन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए तथा किसी भी परिवार को राहत एवं सहायता से वंचित न रहने दिया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को राहत, बचाव एवं पुनर्वास कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम रामनगर सुश्री आकांक्षा गुप्ता, अधिशासी अभियंता बाढ़ श्री शशिकान्त सिंह,तहसीलदार रामनगर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )