Rajasthan News: ट्रैक्टर की टक्कर से शिक्षक की मौत, तेज रफ्तार बजरी वाहनों पर कार्रवाई की मांग

Rajasthan News: ट्रैक्टर की टक्कर से शिक्षक की मौत, तेज रफ्तार बजरी वाहनों पर कार्रवाई की मांग

संवाददाता – राजाराम जैन
लोकेशन- भीलवाड़ा ( राजस्थान )

Rajasthan News: गंगापुर-भीलवाड़ा। रायपुर थाना क्षेत्र में बजरी परिवहन के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। नाथड़ियास-पनोतिया रोड पर ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत में बाइक के पीछे बैठे प्रभु सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक सरकारी शिक्षक थे।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बजरी से भरे ट्रैक्टरों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। तेज गति से चलने वाले इन वाहनों के कारण सड़क पर हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बजरी परिवहन को लेकर पूर्व में भी शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या गंभीर बनी हुई है।

हादसे की सूचना पर गंगापुर पुलिस के डीएसपी सुदर्शन पालीवाल भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाते हुए मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में बजरी परिवहन की निगरानी बढ़ाने, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और स्थानीय विधायक से भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की मांग उठाई।

हादसे के बाद क्षेत्र में बजरी परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और स्थायी कदम उठाने चाहिए।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )