Sonbhadra: दुद्धी कोतवाली में FIR, आदिवासी भूमि के अवैध सौदे और धर्मांतरण का मामला गरमाया

Sonbhadra: दुद्धी कोतवाली में FIR, आदिवासी भूमि के अवैध सौदे और धर्मांतरण का मामला गरमाया

Sonbhadra News: जनपद के दुद्धी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बघाडू (लंगड़ीमोड़) में आदिवासी भूमि के कथित अवैध क्रय-विक्रय और धर्मांतरण के आरोपों से जुड़ा मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रकरण में पुलिस ने तहरीर के आधार पर दुद्धी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बघाडू निवासी लोकनाथ पुत्र स्व. बैजनाथ ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि आदिवासी राजनाथ सिंह पुत्र पहाड़ी की भूमि, आराजी संख्या 3181/0.0630 हेक्टेयर, को कथित रूप से गैर तरीके से खरीदा-बेचा गया। आरोप है कि छत्तीसगढ़ निवासी कुन्ती जगते को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराया गया और बाद में विवाह किया गया। इसके पश्चात उक्त भूमि को मुस्लिम समुदाय के कुछ व्यक्तियों—जाकिर हुसैन, मुस्तकीम अंसारी, गुलाम सरवर और मोहम्मद इमरान—को विक्रय कर वहां मकान बनाकर बसाया गया।

प्रार्थी का कहना है कि यह पूरा प्रकरण आदिवासी भूमि कानूनों के उल्लंघन के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला है। मामले को गंभीर मानते हुए इसकी शिकायत जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी दुद्धी, पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी सहित उच्च अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है। भूमि अभिलेख, विक्रय पत्र और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है।प्रशासन का कहना है कि यदि आदिवासी भूमि के अवैध हस्तांतरण या किसी प्रकार की जबरन गतिविधि के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन की नजर पूरे मामले पर बनी हुई है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )