Sant Kabir News: NH पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने एक ही परिवार के चार लोगों की ली जान, इलाके में मचा कोहराम

Sant Kabir News: NH पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने एक ही परिवार के चार लोगों की ली जान, इलाके में मचा कोहराम

Sant Kabir News: जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित कुर्थिया चौराहे पर सोमवार की सुबह एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने घर के बाहर चारपाई पर बैठे एक ही परिवार के चार लोगों को रौंद दिया। हादसे में बुजुर्ग दंपति और उनके दो मासूम नातियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। भीषण दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में मातम छा गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे मकान में रहने वाले लालजी (62) भीषण गर्मी और उमस से बेहाल होकर सोमवार सुबह अपनी पत्नी ज्ञानमती (60) के साथ घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे।

उनके साथ उनके दो मासूम नाती—आदर्श (12) पुत्र अनिल कुमार और सत्यम (6) पुत्र राजेश कुमार भी वहीं मौजूद थे। इसी दौरान खलीलाबाद से बस्ती की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और घर के बाहर बैठे दंपति व बच्चों को अपनी चपेट में लेते हुए रौंद दिया।

हादसा इतना अचानक और भयानक था कि किसी को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला। चारों को कुचलते हुए अनियंत्रित ट्रक आगे जाकर गड्ढे में गिर गया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही कांटे चौकी प्रभारी, एडिशनल एसपी, सीओ, कोतवाल और ट्रैफिक इंस्पेक्टर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक के नीचे फंसे शवों को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक ही परिवार के चार लोगों की इस दर्दनाक मौत से गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )