
Jalaun News: मुहर्रम से लौट रहे तीन दोस्तों को डंपर ने रौंदा, 2 की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे कस्बे को गमगीन कर दिया। मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रहे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार थे, तभी बालू से भरे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
यहां कोटरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब दो बजे मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रहे तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार मोहल्ला गणेशगंज निवासी 22 वर्षीय बरकत पुत्र नासिर खान, 23 वर्षीय सौरभ खान पुत्र हाफिज इस्माइल तथा मोहल्ला तालपुरा निवासी 20 वर्षीय अरबाज शाह पुत्र मुराद अली शाह एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक एट रोड से कोटरा की ओर पहुंची, तभी सामने से आ रहे बालू से भरे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में भीषण टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बरकत और सोहराब खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरबाज शाह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जिसके बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
