
Barabanki News: जिस थाने में मिली पहली पोस्टिंग, वहीं से पहुंचा जेल,नाबालिग धर्मांतरण व निकाह प्रकरण में सिपाही समेत तीन गिरफ्तार
जिला – बाराबंकी
संवाददाता-रानू सिंह
Barabanki News: बाराबंकी के फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के कथित जबरन धर्मांतरण, यौन शोषण और जबरन निकाह के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सिपाही समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन तथा कथित निकाह में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की गई है। वहीं, मामले के मुख्य आरोपी सहित अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, 23 जुलाई को पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद फतेहपुर कोतवाली में सिपाही मोहम्मद आसिफ, जावेद, रेहान तथा अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि नाबालिग किशोरी का जबरन धर्मांतरण कर उसका निकाह कराया गया और उसके साथ यौन शोषण किया गया। पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि किशोरी दो बार गर्भवती हुई, जिसका गर्भपात भी कराया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद तासिम उर्फ सिराज तथा अवधेश कुमार गौतम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस मामले में वर्ष 2020 बैच के सिपाही मोहम्मद आसिफ की गिरफ्तारी सबसे अधिक चर्चा का विषय बनी हुई है। उसकी पहली तैनाती फतेहपुर कोतवाली में हुई थी और अब उसी थाने में दर्ज मुकदमे में आरोपी के रूप में गिरफ्तार होकर जेल पहुंच गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
