
UP News: भारत विकास परिषद का 64 वा राष्ट्रीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह धूमधाम से हुआ संपन्न
रिपोर्ट- पंकज गुप्ता
UP News: प्रयागराज। भारत विकास परिषद, त्रिवेणी शाखा प्रयागराज के तत्वावधान में परिषद का 64वां राष्ट्रीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश की 106वीं जयंती के अवसर पर वात्सल्य सभागार, सिविल लाइंस में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं परिषद के सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति सूर्य प्रकाश केशरवानी (सेवानिवृत्त) रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद भार्गव ने की तथा संचालन दीपक अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष आर. एन. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, स्वामी विवेकानंद एवं भारत विकास परिषद के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं भारत माता की जय के उद्घोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा। डॉ. रश्मि शुक्ला ने मधुर स्वर में गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
अपने प्रेरक उद्बोधन में मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सूर्य प्रकाश केशरवानी ने कहा कि भारत विकास परिषद पिछले 64 वर्षों से देशभर में मानवता, सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि परिषद की कार्यशैली एक सतत प्रवाहित सरिता के समान है, जो व्यक्ति, परिवार और समाज में मित्रता, सहयोग एवं सद्भाव का संदेश देती है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति दूसरे को मित्र की दृष्टि से देखेगा, तभी “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना साकार होगी और विश्व में सुख, शांति एवं मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने अपने संबोधन में एक प्रेरक पंक्ति उद्धृत करते हुए कहा, “समझो मानव ही सत्ता है, सत्ता है मानवता का साधन।” उन्होंने कहा कि भारत में मानवता की भावना जितनी सशक्त होगी, उतनी ही मानवता की सत्ता स्थापित होगी और भारत पुनः विश्वगुरु के रूप में प्रतिष्ठित होगा। उन्होंने इस आयोजन की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएँ दीं।

मुख्य वक्ता प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने डॉ. सूरज प्रकाश के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद समाज में संस्कार, सेवा, सहयोग और राष्ट्रीय चेतना के प्रसार का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रांतीय अध्यक्ष आर. एन. सिंह, अध्यक्ष अरविंद भार्गव, दीपक अग्रवाल, कन्हैया जी अग्रवाल, प्रमोद कुमार बंसल, के. एन. कुमार, अनूप चंद्र जैन, शिवनंदन गुप्ता, डॉ. अरविंद शरण दरबारी, श्यामसुंदर सिंह पटेल, मुरारी लाल अग्रवाल, अमित श्याम, राजीव रतन भार्गव, डॉ. रश्मि शुक्ला, कविता श्रीवास्तव, डॉ. अमिता श्रीवास्तव, असीम मुखर्जी सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए परिषद की सेवा गतिविधियों की सराहना की तथा डॉ. सूरज प्रकाश के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में गोपाल जी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके उपरांत सभी ने सामूहिक सहभोज में सहभागिता कर आपसी सौहार्द एवं संगठन की भावना को और सुदृढ़ बनाया।
