
वाराणसी के BHU में तनाव:देर रात छात्रों और सुरक्षा कर्मियों के बीच हिंसक टकराव
Varanasi BHU campus violence: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में शनिवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बिरला-अ छात्रावास के छात्रों ने न केवल कैंपस में जमकर उपद्रव किया, बल्कि सुरक्षाकर्मियों पर पथराव भी किया, जिसमें कई कर्मी चोटिल हो गए। देखते ही देखते पूरा परिसर छावनी में तब्दील हो गया और हालात पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा।
पानी की किल्लत से भड़का छात्रों का गुस्सा
हंगामे की शुरुआत वाटर कूलर और पीने के पानी की समस्या को लेकर हुई। शनिवार रात बिरला-अ हॉस्टल के छात्र बुनियादी सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अधिकारियों ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तत्काल पानी की वैकल्पिक व्यवस्था भी कराई। सुरक्षाकर्मियों ने भरोसा दिया कि रविवार तक वाटर कूलर की समस्या को पूरी तरह सुलझा लिया जाएगा, जिसके बाद छात्र वापस हॉस्टल चले गए।
केक काटने को लेकर दोबारा शुरू हुआ विवाद
मामला शांत ही हुआ था कि कुछ छात्र दोबारा हॉस्टल से बाहर निकल आए और बीच सड़क पर जन्मदिन का केक काटने लगे। वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने अनुशासन का हवाला देते हुए छात्रों को केक काटने से रोका और उन्हें वापस कमरे में जाने को कहा। यही बात छात्रों को नागवार गुजरी और वे आक्रोशित हो गए। छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते पत्थरबाजी में बदल गई। हॉस्टल से अन्य छात्र भी बाहर निकल आए और सुरक्षाकर्मियों पर पत्थरों की बौछार कर दी, जिसमें कई गार्ड्स को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस की एंट्री और छात्रों की मांगें
कैंपस में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और लंका थाने की फोर्स ने स्थिति को संभाला और छात्रों को खदेड़ा। काफी मशक्कत के बाद छात्र बातचीत के लिए तैयार हुए। छात्रों ने प्रशासन के सामने मांग रखी कि वाटर कूलर के साथ-साथ कैंपस के अंधेरे रास्तों पर लाइटें लगाई जाएं, कीटनाशक का छिड़काव हो और खेल के मैदान को व्यवस्थित किया जाए। एसीपी गौरव कुमार ने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए उन्हें जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। फिलहाल कैंपस में शांति है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात है।
