
Aligarh News: कबाड़ गोदाम में फिर भड़की भीषण आग, डेयरी तक पहुंचीं लपटें, इलाके में मचा हड़कंप
Aligarh News:- जनपद के देहली गेट थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात मे एक बार फिर आग ने तांडव मचाया। खैर रोड स्थित लाल मस्जिद के पास बने कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। ये वही गोदाम है। जहां कुछ समय पहले भी आग लग चुकी थी। दोबारा लगी आग ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।आग लगते ही लपटें आसमान छूने लगीं और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। देखते ही देखते आग ने बगल में स्थित दूध डेयरी को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दुकानदार और घरों में रहने वाले लोग अपना सामान छोड़कर जान बचाकर भागे। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। पुलिस ने भी इलाके की घेराबंदी कर भीड़ को दूर रखा। राहत की बात ये रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन गोदाम में भरा टन भर कबाड़ और डेयरी में रखा दूध, मशीनें व अन्य सामान जलकर राख हो गया।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों का नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोग बोले – “ये कोई इत्तेफाक नहीं”स्थानीय व्यक्ति राहुल ने कहा, “पहले भी यहां आग लगी थी, फिर दोबारा कैसे लग गई? प्रशासन को इस गोदाम की जांच करनी चाहिए।” वहीं संजीव कुमार सिंह एफएसओ ने बताया, “धुएं की वजह से सांस लेना मुश्किल हो गया था। अगर समय पर फायर ब्रिगेड न पहुंचती तो पूरी मार्केट जल जाती।”
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस और फायर विभाग की टीम ने सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। शॉर्ट सर्किट या लापरवाही – असली वजह क्या है, ये जांच के बाद ही पता चलेगा। लगातार दो बार आग लगने से अब सवाल उठ रहे हैं। कि क्या गोदाम में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही थी?
अलीगढ़ में इस घटना के बाद कबाड़ गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
