
Gonda News : कर्नलगंज में प्रशासन अलर्ट, संदिग्ध फर्म के कामों की जांच शुरू
Gonda News: जनपद गोंडा के कर्नलगंज विकास खंड में जीएसटी अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खंड विकास अधिकारी, कर्नलगंज कार्यालय से जारी आदेश में सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि एक संदिग्ध फर्म से संबंधित पिछले छह वर्षों के कार्यों का पूरा विवरण 2 दिनों के भीतर उपलब्ध कराया जाए।
कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, राज्य कर विभाग (सहायक आयुक्त, खंड-4, गोंडा) द्वारा की गई जांच में “विपिन कंस्ट्रक्शन एंड जनरल ऑर्डर सप्लायर” नामक फर्म (GSTIN-09NFSPS8611R1ZU) पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप पाए गए हैं। आरोप है कि फर्म ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों के एवज में भुगतान तो प्राप्त किया, लेकिन अपने जीएसटी रिटर्न में उसके अनुरूप टर्नओवर घोषित नहीं किया और न ही कर जमा किया। इस मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित फर्म के खिलाफ UPGST/CGST Act-2017 के तहत कर एवं अर्थदंड की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भुगतान पर रोक के निर्देश
बीडीओ कर्नलगंज ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक जीएसटी जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक उक्त फर्म के किसी भी प्रकार के भुगतान पर रोक सुनिश्चित की जाए। साथ ही वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक फर्म द्वारा किए गए कार्यों से संबंधित सभी अभिलेख—जैसे बिल, वाउचर, कार्य विवरण, भुगतान राशि और कर विवरण—निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत किए जाएं।
समयसीमा में लापरवाही पर जिम्मेदारी तय
पत्र में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय के भीतर जानकारी उपलब्ध न कराने पर संबंधित अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अभिलेख समय पर उपलब्ध कराकर राज्य कर विभाग की जांच में सहयोग किया जाए।इस आदेश के बाद ग्राम पंचायत स्तर पर हड़कंप मच गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों में पुराने रिकॉर्ड जुटाने की कवायद तेज हो गई है। माना जा रहा है कि जांच के दायरे में और भी फर्में आ सकती हैं।
