Deoria News: देवरिया में हाईवोल्टेज ड्रामा, शादी की मांग लेकर टावर पर चढ़ी किशोरी

Deoria News: देवरिया में हाईवोल्टेज ड्रामा, शादी की मांग लेकर टावर पर चढ़ी किशोरी

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में प्रेमी से शादी करने की जिद एक किशोरी को मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से तक ले गई ,किशोरी टावर पर चढ़ गई और नीचे मौजूद पुलिस और लोगों से साफ कह दिया कि वह अपने प्रेमी के साथ शादी करना चाहती है। टावर की ऊंचाई पर मौजूद किशोरी को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। लेकिन किशोरी को नीचे उतारना आसान नहीं था।

पहले पुलिस ने खुद को समझाने की कोशिश की। पहचान के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली गई, क्योंकि किशोरी ने अपना चेहरा ढक रखा था। इसके बाद पुलिस ने लाउडस्पीकर और माइक का इंतजाम किया। करीब दो से ढाई घंटे तक कोशिश के बाद आखिरकार पुलिस और स्थानीय लोगों ने किशोरी को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामला देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र का है। घटना शुक्रवार की दोपहर की है। लार थाना क्षेत्र के पटनेजी इलाके में सड़क किनारे लगे एक मोबाइल टावर पर एक किशोरी चढ़ गई। देखते ही देखते वह टावर के काफी ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई। नीचे मौजूद लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। ऊंचे टावर पर किशोरी को देखकर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लार थाना प्रभारी राकेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन किशोरी इतनी ऊंचाई पर थी कि उसे नीचे उतारना पुलिस के लिए चुनौती बन गया। किशोरी ने अपना चेहरा ढक रखा था। ऐसे में पुलिस को उसकी पहचान करने में भी परेशानी हुई। पहचान और स्थिति का पता लगाने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया। पुलिस लगातार किशोरी से नीचे आने की अपील करती रही। लेकिन वह प्रेमी के साथ शादी करने की मांग पर अड़ी रही। इसके बाद पुलिस ने लाउडस्पीकर मंगवाया। माइक के जरिए किशोरी से बातचीत की गई और उसे समझाने की कोशिश की गई कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसकी मांग से जुड़े मामले में कार्रवाई की जाएगी।

करीब दो से ढाई घंटे तक चले प्रयास के बाद पुलिस किशोरी को समझाने में कामयाब रही। पुलिस ने उसे आश्वासन दिया कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसे सुरक्षित तरीके से नीचे आने के लिए कहा गया। इसके बाद किशोरी आखिरकार टावर से नीचे उतर आई।

टावर से नीचे उतरने के बाद किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह मईल थाना क्षेत्र के गांव के रहने वाले युवक से प्रेम करती है और उससे शादी करना चाहती है। किशोरी का कहना है कि वह उसी युवक के साथ रहना चाहती है। उसने पुलिस को बताया कि उसके परिवार की ओर से युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। युवक के खिलाफ 30 अगस्त को लार थाने में केस दर्ज कराया गया था और इस मामले में किशोरी का बयान भी दर्ज हो चुका है। अब किशोरी प्रेमी से शादी की मांग कर रही है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )