Bareilly News: बरेली में पुलिस मुठभेड़, 20 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

Bareilly News: बरेली में पुलिस मुठभेड़, 20 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

Bareilly News: जनपद बरेली के थाना भोजीपुरा क्षेत्र में पुलिस और वांछित अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में एक आरक्षी भी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, थाना भोजीपुरा पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौकशी और पुलिस पर फायरिंग के मामलों में वांछित एक अपराधी ग्राम घुरसमसपुर रोड पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में आरक्षी विकास घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी पर थाना भोजीपुरा में गोवध निवारण अधिनियम, बीएनएस की धारा 109 तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी गौकशी और पुलिस पर फायरिंग की घटनाओं में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, नाल में फंसा एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी का नाम भी बताया है, जो मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्टर- गोपाल स्वरूप पाठक बरेली

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )