SantKabir Nagar News: खलीलाबाद में दर्दनाक हादसा,शादी की तैयारियों के बीच छज्जा गिरा, महिला की मौत

SantKabir Nagar News: खलीलाबाद में दर्दनाक हादसा,शादी की तैयारियों के बीच छज्जा गिरा, महिला की मौत

SantKabir Nagar News : खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के उमरी खुर्द गांव में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। हरिश्चंद्र राजभर के घर में उनकी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं और आज ही बारात आनी थी। सुबह करीब 8:30 बजे जब टेंट और लाइट की सजावट का काम जोर-शोर से चल रहा था, तभी मकान का एक पुराना छज्जा अचानक भरभरा कर गिर गया। इस मलबे के नीचे दबने से 70 वर्षीय कुसुम उर्फ राजमती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से मलबे में दबे घायलों को तुरंत बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। सीओ खलीलाबाद प्रियम राज शेखर पांडेय ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )