UP Politics: अखिलेश यादव ने सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा, चुनाव से पहले बढ़ी सियासी गर्मी

UP Politics: अखिलेश यादव ने सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा, चुनाव से पहले बढ़ी सियासी गर्मी

UP Politics: त्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को अपनी सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर तंज कसा।
उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं मिली है और अगर कभी मिली तो वह उसे पत्रकारों को दे देंगे। अखिलेश के इस बयान से साफ संकेत मिला कि अगर सरकार उन्हें सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट देती भी है, तो वह उसे पहनने के पक्ष में नहीं हैं।

44 नेताओं को मिलनी है बुलेटप्रूफ जैकेट

दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से करीब 44 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट देने की तैयारी की जा रही है। इसमें अखिलेश यादव और बीएसपी प्रमुख मायावती समेत कई बड़े नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा मुख्यालय ने करीब 10 लाख रुपये की लागत से बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदी हैं।

सुरक्षा एजेंसियों की ओर से मिले इनपुट और चुनाव से पहले बढ़ने वाली राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। सरकार के 11 मंत्रियों को भी ऐसी जैकेट दिए जाने की बात सामने आई है। इनमें संजय निषाद और नंद गोपाल नंदी समेत कई नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

चुनाव से पहले सुरक्षा पर बढ़ा फोकस

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में नेताओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। सुरक्षा श्रेणी वाले नेताओं की सुरक्षा की समय-समय पर समीक्षा की जाती है। खतरे की जानकारी और खुफिया रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जाता है।

जापानी बच्चों के साथ CM योगी की सेल्फी पर भी बोले अखिलेश

अखिलेश यादव ने हाल ही में उत्तर प्रदेश आए जापान के 13 बच्चों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर बच्चों ने पहले ठीक से जानकारी जुटाई होती तो शायद वे सेल्फी नहीं लेते। अखिलेश ने कहा कि इन बच्चों के पास आगे भी ऐसे कई मौके आएंगे। उनके इस बयान को मुख्यमंत्री योगी पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।

BJP के नाम का बताया नया फुल फॉर्म

अखिलेश यादव ने इस दौरान बीजेपी पर भी हमला बोला और पार्टी के नाम का एक नया राजनीतिक मतलब बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि BJP का मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’ है। उन्होंने मेरठ में एक अधिकारी की ओर से अपने कार्यालय पहुंचे लोगों को कथित तौर पर फटकारे जाने की घटना का भी जिक्र किया। अखिलेश ने कहा कि ये लोग PDA समाज से जुड़े थे और इसी वजह से अधिकारी ने उनके साथ ऐसा व्यवहार किया। उन्होंने प्रदेश में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई जगहों पर पुलिस की ज्यादती देखने को मिल रही है।

गठबंधन नहीं तोड़ेगी समाजवादी पार्टी

अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के गठबंधन को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन तोड़ने में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने कहा कि जब पार्टी किसी के साथ आगे बढ़ने का फैसला करती है तो अपने साथी दलों का साथ निभाती है और किए गए वादों का सम्मान करती है। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य समाजवादी विचारधारा के आधार पर सामाजिक न्याय वाली सरकार बनाना है। उन्होंने PDA यानी पिछड़े वर्ग, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों की एकजुटता को भी अपनी राजनीति का अहम हिस्सा बताया।

महंगाई को लेकर सरकार पर हमला

सपा प्रमुख ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों का सामान लगातार महंगा हो रहा है और त्योहारों का मौसम आने के साथ लोगों पर खर्च का बोझ और बढ़ रहा है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )