
Dharmendra Pradhan Resignation: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अखिलेश यादव बोले- ‘यह नई पीढ़ी की जीत है’
Dharmendra Pradhan Resignation: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्षी दलों और NEET विवाद को लेकर आंदोलन कर रहे CJP (Cockroach Janta Party) के समर्थकों में जश्न का माहौल है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे “नई पीढ़ी की जीत” बताते हुए केंद्र सरकार को शिक्षा व्यवस्था पर गंभीरता से काम करने की सलाह दी। अखिलेश यादव ने कहा कि “यह नई पीढ़ी की जीत है। सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि परीक्षा और शिक्षा के मुद्दे पर, चाहे उच्च शिक्षा हो या प्राथमिक शिक्षा, बेहद गंभीरता से सोचने की जरूरत है।”
उन्होंने कहा इस आंदोलन से एक बड़ी सीख मिली है। सबने देखा कि भाजपा जो नकारात्मक राजनीति करती है। इसके लिए बहुत बड़ी दौलत खर्च करती है। लेकिन नई पीढ़ी के लोगों ने ऐसे नारे बनाए, ऐसे पोस्टर बनाए जिसके लिए हम सोच भी नहीं सकते। आज के जमाने में इंटरनेट के जरिए, सोशल मीडिया और सड़कों से जो आंदोलन फैला, उसकी वजह से अंतोगत्वा भारतीय जनता पार्टी जो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। जिनके पास न जाने कितने संघी-साथी अंडरग्राउन्ड, बिना रजिस्टर्ड लोग हैं उन्हें भी आज झुकना पड़ा। यह युवाओं की बड़ी जीत है। इससे सभी पार्टियों को सबक लेना चाहिए कि हमारी आने वाले समय जो परीक्षाएं हों उनके पेपर लीक न हों। साथ ही ऐसी ठोस योजना बनाकर युवाओं को रोजगार देने का प्रयास करना चाहिए।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद दिल्ली में सियासी हलचल तेज:
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने प्रधानमंत्री आवास पहुंचे हैं। इन लगातार बैठकों को मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के भी दिल्ली रवाना होने की खबर है। हालांकि इन बैठकों के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
CJP ने कहा- एक मांग पूरी, तीन अब भी लंबित
NEET विवाद और छात्र आंदोलन का नेतृत्व कर रहे CJP (Cockroach Janta Party) ने दावा किया है कि उनकी चार प्रमुख मांगों में से पहली मांग पूरी हो चुकी है। संगठन ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब सरकार को बाकी तीन मांगों पर भी फैसला लेना चाहिए।
CJP की चार प्रमुख मांगें:
- धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा – पूरी हो चुकी।
- आत्महत्या करने वाले सभी छात्रों के परिवारों को ₹1 करोड़ का मुआवजा।
- किसी भी प्रदर्शनकारी छात्र के खिलाफ कोई पुलिस कार्रवाई न हो।
- दिल्ली पुलिस और RAF की ओर से सार्वजनिक माफी।
